सच हिमाचल ब्यूरो: चंबा शहर के समीपवर्ती सरोल पंचायत के घोल्टी गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां प्लयूर पंचायत के बनगोटू गांव के रहने वाले 13 साल के एक किशोर ने संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे की कुंडी से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक किशोर घोल्टी गांव में एक व्यक्ति के घर पर रह रहा था। बुधवार को जब परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे कमरे में फंदे से लटका देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सदर पुलिस थाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों के बयान दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने नियमानुसार आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक किशोर द्वारा उठाए गए इस खौफनाक कदम के पीछे की वजहों का खुलासा नहीं हो पाया है।
Content Writer- Pushpa
