सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खु ने कुल्लू जिले के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कुल्लू और बंजार विधानसभा क्षेत्रों में 206.32 करोड़ रुपये की लागत वाली 25 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस सौगात के तहत कुल्लू क्षेत्र को 65 करोड़ रुपये की 5 परियोजनाएं मिलीं, जिनमें पिरड़ी-तरलोगी मार्ग पर 28.35 करोड़ रुपये का 110 मीटर लंबा पुल, मोहल में 7.25 करोड़ का 33 केवी सब-स्टेशन, कुल्लू में 8.07 करोड़ का जीआईसी सब-स्टेशन और शास्त्री नगर में 20.57 करोड़ रुपये का वेलनेस सेंटर शामिल है।
दूसरी ओर, बंजार विधानसभा क्षेत्र के लिए 141.32 करोड़ रुपये की 21 परियोजनाओं का प्रावधान किया गया है, जिसके अंतर्गत दूरदराज के इलाकों को जोड़ने वाली कई प्रमुख सड़कों का निर्माण होगा। इनमें धारा बरसोगी (8.88 करोड़ रुपये), देउरी सुनाड़ (11.97 करोड़ रुपये), डिंबर चहरी से गशीणी सराज (10.63 करोड़ रुपये), बठाड़ से शीलश्रृंगाड (9.45 करोड़ रुपये), जीभी रशाला सरठी (9.15 करोड़ रुपये) और बरनगी से मस्यार (9.74 करोड़ रुपये) जैसी सड़कें प्रमुख हैं। इनके अलावा नजन नाला से नजन रोड, थेला जस्ता परली, बरनगी-चिपनी, सिधवा गौरीगढ़ से थनिचर, गुशैणी पेखड़ी से तिन्दर गांव, बागी कोठी-चौहनी से मियागी, चलेहण से देवगढ़, देउठा से ज्वाली, गलवाधार से राम्भी, टील से बछुट, बलागाड़ से भरठीधार, मंढी संपर्क मार्ग, बीणी से खंदरागी और घरटगाड़ से कड़ाहील सड़कों का शिलान्यास भी किया गया।
सड़क सुविधाओं के साथ-साथ बंजार क्षेत्र की ऊर्जा और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया गया है। इसके तहत गुशैणी में 2.73 करोड़ रुपये की लागत से 33 केवी सब-स्टेशन का शिलान्यास किया गया, जबकि नगर पंचायत बंजार के रौ-नाला में 5.62 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुई बहुमंजिला पार्किंग का औपचारिक उद्घाटन कर उसे जनता को समर्पित किया गया।
Content Writer- Chanchala
