सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र के शिला घुंड में आयोजित प्रसिद्ध ‘रिहाली मेले’ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों, स्थानीय नागरिकों और देवता कमेटियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रदेश के मेले और त्यौहार हमारी समृद्ध देव संस्कृति, लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और आपसी भाईचारे को जीवित रखने तथा संजोने का एक सशक्त माध्यम हैं।
समारोह के दौरान उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय लोगों से चर्चा की। बुनियादी ढांचे को मजबूती देने की दिशा में बड़ी जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि चौपाल क्षेत्र में सड़कों के विकास और सुधार के लिए लगभग ₹130 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके साथ ही क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए ‘छैला-सैंज-नेरीपूल-यशवंत नगर’ मार्ग के लिए ₹239 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है।
क्षेत्रीय खेल सुविधाओं और लोक संस्कृति को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री ने स्थानीय स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए ₹5 लाख देने का ऐलान किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने पारंपरिक ‘ठोडा’ (धनुष-बाण खेल) दलों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले स्कूली विद्यार्थियों के लिए भी प्रोत्साहन/सहयोग राशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने रिहाली मेले के सफल और भव्य आयोजन के लिए समस्त आयोजकों तथा क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
Content Writer- Pushpa
