सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में एक शातिर ठग ने 81 वर्षीय बुजुर्ग को अपनी जालसाजी का शिकार बनाते हुए लाखों रुपए ऐंठ लिए। पंजाब के गुरदासपुर के रहने वाले आरोपी राजेंद्र कुमार ने खुद को आयुर्वेदिक दवाओं का विक्रेता बताकर बुजुर्ग चरनजीत को झांसे में लिया। उसने गुप्त रोग का शर्तिया इलाज और महंगी दवाएं दिलाने का दावा करते हुए बुजुर्ग का भरोसा जीता और धीरे-धीरे उनसे कुल 11.60 लाख रुपए ठग लिए। इतने बड़े फर्जीवाड़े को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से रफूचक्कर हो गया।
ठग की नीयत इतने पर भी नहीं भरी; उसने 16 जून को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से बुजुर्ग को फोन करके 4 लाख रुपए की और मांग कर डाली। बार-बार पैसों की डिमांड होने पर जब बुजुर्ग को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत कुल्लू पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। एएसपी संजीव चौहान के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और फोन कॉल डिटेल्स व अन्य सुरागों के जरिए उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
Content Writer- Ajay
