सच हिमाचल ब्यूरो: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बागवानों के सेब खरीद के बकाया भुगतान के लिए 45 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है। राज्य सरकार ने मंडी मध्यस्थता योजना (MIS) के तहत पिछले सालों (2022 से 2025 तक) खरीदे गए सेबों का पेंडिंग पेमेंट सीधे बागवानों के बैंक खातों में (DBT के जरिए) ट्रांसफर करना शुरू कर दिया है। छोटे बागवानों (30 बैग तक बेचने वाले) को भुगतान पहले ही मिल चुका है, और अब 100 बैग या उससे ज्यादा सेब बेचने वाले उत्पादकों के बैंक खातों में भी पैसे भेजे जा रहे हैं।
इस बार सेब खरीद की व्यवस्था को पूरी तरह हाईटेक और पारदर्शी बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने बागवानी मंडी मध्यस्थता योजना (HMIS) की वेबसाइट और मोबाइल ऐप लॉन्च की है। अब बागवानों को अपनी फसल बेचने के लिए मंडियों में लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा; वे पोर्टल पर अपनी आधार संख्या, जमीन और बैंक खाते की जानकारी देकर रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे और ऑनलाइन ही टाइम स्लॉट बुक कर पाएंगे। खरीद से लेकर पेमेंट तक का सारा अपडेट बागवानों को सीधे उनके मोबाइल पर SMS के जरिए मिलेगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि सभी कलेक्शन सेंटर्स पर पर्याप्त स्टाफ तैनात रहे ताकि सीजन के दौरान बागवानों को कोई परेशानी न हो।
Content Writer- Ajay
