सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग उपमंडल से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां धारकन्दरू गांव में मंजू शर्मा (पत्नी देवेंद्र शर्मा) नाम की महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गोशाला के भीतर फंदे से लटका हुआ मिला। इस खौफनाक कदम की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
शुरुआती पुलिस जांच और प्राथमिक सूचना के अनुसार, मृतका ने यह आत्मघाती कदम उठाने से पहले घर पर ही किसी संदिग्ध नशीले या जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। जहर का असर शुरू होते ही वह घर के पास बनी गोशाला की तरफ गईं और वहां फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। ठियोग के एसडीपीओ ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली और सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
Content Writer- AJay
