हिमाचल प्रदेश में सीमेंट की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम जनता की चिंताएं बढ़ा दी हैं। सीमेंट के दामों में 15 रुपये प्रति बैग का इजाफा हुआ है, और कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में कीमतें 15 से 20 रुपये और बढ़ सकती हैं। सीमेंट कंपनियों द्वारा डीलरों को भेजे गए संदेशों ने इस बात की पुष्टि की है, जिससे घर बनाने का सपना देख रहे लोगों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। गौरतलब है कि इस साल जनवरी में भी सीमेंट की कीमतों में 10 रुपये की वृद्धि हुई थी।
हैरानी की बात यह है कि 22 सितंबर 2025 को जीएसटी स्लैब में हुए बदलाव के बाद जब सीमेंट 28 फीसदी से 18 फीसदी के दायरे में आया था, तब हिमाचल में सीमेंट करीब 30 रुपये सस्ता हुआ था। उस समय प्रदेश में पहली बार सीमेंट की कीमतों में 30 से 40 फीसदी की भारी गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन वह राहत ज्यादा समय तक नहीं टिकी।
पिछले दो-तीन वर्षों के आंकड़ों पर गौर करें तो सीमेंट के दाम 150 से 200 रुपये तक बढ़ चुके हैं। वर्तमान स्थिति यह है कि सोलन जैसे क्षेत्रों में सीमेंट का जो बैग पहले 385 रुपये में मिल रहा था, वह अब बढ़कर 400 रुपये का हो गया है। कीमतों में इस निरंतर वृद्धि से प्रदेश के आम आदमी के लिए निर्माण कार्य करना अब एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
By Vijay
