सच हिमाचल ब्यूरो:नई दिल्ली: नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस ने मंगलवार (21 जुलाई 2026) को प्रधानमंत्री आवास के बाहर से हिरासत में ले लिया। कांग्रेस और विपक्षी दलों द्वारा आयोजित ‘चलो पीएम हाउस’ मार्च के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख नेता अचानक 7, लोक कल्याण मार्ग के पास सड़क पर धरने पर बैठ गए। जब सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां से हटने के लिए कहा, तो राहुल गांधी ने जाने से इनकार कर दिया और सड़क पर लेट गए, जिसके बाद पुलिस को उन्हें जबरन हटाना पड़ासोशल
मीडिया और राष्ट्रीय समाचार चैनलों पर वायरल हुए दृश्यों में देखा जा सकता है कि करीब 7 से 8 पुलिसकर्मियों ने राहुल गांधी को जमीन से उठाकर घसीटते हुए पुलिस बस में डाला। इस तीखी झड़प के दौरान कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाते हुए दावा किया कि राहुल गांधी की नाक से खून भी आया है। राहुल गांधी के साथ-साथ पुलिस ने प्रियंका गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कन्हैया कुमार को भी हिरासत में लेकर मॉडल टाउन पुलिस स्टेशन भेज दिया। विपक्ष लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और इस पूरे परीक्षा घोटाले की उच्च स्तरीय जांच की मांग पर अड़ा हुआ है।
Content Writer- Ajay
