शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला के सरघीण में हिमाचल प्रदेश गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा के 63वें स्थापना दिवस के राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने विभाग के कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि गृह रक्षा, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन सेवा और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) ने प्रदेश की सुरक्षा और निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन सेवाओं ने एक वर्ष में 708 सफल खोज एवं बचाव अभियानों में 448 लोगों की जान बचाई और लगभग दो हज़ार करोड़ रुपये की संपत्ति को नुकसान से बचाया। गृह रक्षा विभाग ने 1,035 जल स्रोतों का जीर्णोद्धार भी किया है। महिला सशक्तिकरण पर ज़ोर देते हुए, उन्होंने अग्निशमन विभाग में महिलाओं को शामिल करने के लिए भर्ती नियमों में बदलाव करने और शीघ्र ही होम गार्ड की भर्ती करने की घोषणा की। विभाग को सशक्त बनाने के लिए, वर्तमान सरकार ने देहा, उबादेश, नेरवा और इंदौरा में चार नई अग्निशमन इकाइयाँ स्थापित की हैं और 27 नए अग्निशमन वाहनों की खरीद की है। अग्निशमन आधुनिकीकरण के लिए ₹55 करोड़ और SDRF की क्षमता बढ़ाने के लिए ड्रोन सहित उन्नत उपकरणों की खरीद हेतु ₹6 करोड़ का प्रावधान किया गया है। सरकार ने होम गार्ड महिलाओं के लिए मातृत्व अवकाश भी प्रदान किया है। इस अवसर पर, मुख्यमंत्री ने नशा निवारण पर आधारित “मिरेकल ऑफ माइंड एप” भी लॉन्च किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली वाहनियों व कर्मचारियों को पुरस्कृत किया।
By Dhruv Sharma
