कांगड़ा: इंदौरा पुलिस को बीती रात नशा तस्करों के खिलाफ चलाए गए एक अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इंदौरा थाना और ठाकुरद्वारा चौकी के अंतर्गत आने वाले गांव गगवाल में छापा मारा। इस दौरान, पुलिस ने 62.66 ग्राम चिट्टा (हैरोइन), जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों में है, और 50,000 रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। थाना प्रभारी आशीष पठानिया के अनुसार, गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंजाब का एक व्यक्ति, जो गगवाल में अपने रिश्तेदारों के घर रह रहा है, वह अवैध रूप से नशे का कारोबार कर रहा है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राकेश कुमार उर्फ मुन्ना, निवासी गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी पंजाब में नशे के खिलाफ हो रही सख्ती और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए हिमाचल आया था और यहीं से अपना काला धंधा चला रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। डीएसपी संजीव यादव ने बताया कि आरोपी पर पंजाब में भी एनडीपीएस के दो से अधिक मुकदमे होने की संभावना है, जिसके संबंध में पंजाब पुलिस से जानकारी ली जा रही है। पुलिस अब आरोपी के पूरे नेटवर्क और उसके साथियों का पता लगाने में जुटी हुई है।
By Dhruv Sharma
