सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र हाल ही में संपन्न हुआ है, लेकिन विधायकों के लिए यह सत्र एक खास सौगात लेकर आया है। अब प्रदेश के विधायकों को पुलिस चेकिंग, टोल प्लाजा के झंझटों और ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने के लिए उनकी गाड़ियों के लिए विशेष झंडियां दी जाएंगी। स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया के अनुसार, एक हफ्ते के भीतर सभी विधायकों को ये झंडियां उपलब्ध करा दी जाएंगी। लंबे समय से विधायक इस सुविधा की मांग कर रहे थे ताकि अफसरों की तरह सड़क पर उनकी भी एक अलग और खास पहचान दिखे। हालांकि, इस VIP पहचान को लेकर राजनीति भी कम नहीं हुई है; जहां कभी महामारी के दौर में इसका विरोध हुआ था, वहीं अब यह माननीयों के रुतबे और सहूलियत का नया प्रतीक बनने जा रहा है।
सड़क पर रुतबा बढ़ाने वाले इस फैसले के साथ ही विधानसभा के 12वें सत्र का कामकाज भी काफी चर्चा में रहा। 21 अगस्त से 3 सितंबर तक चले इस 10 बैठकों वाले सत्र में 45 घंटे से अधिक समय तक काम हुआ और सत्र की उत्पादकता 91 प्रतिशत दर्ज की गई। सत्र के दौरान सरकार द्वारा कुल 786 तारांकित व अतारांकित प्रश्नों के उत्तर दिए गए और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियमों व विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यवाही की शुरुआत में सदन ने दिवंगत पूर्व विधायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की, वहीं शून्यकाल के दौरान भी सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों के अहम मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
Content Writer- Pushpa
