शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर में आज उस समय सियासी पारा चढ़ गया जब विपक्ष ने प्रदेश में लॉटरी सिस्टम की शुरुआत के खिलाफ मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया। विधानसभा सत्र की कार्यवाही शुरू होने से ठीक पहले विपक्षी विधायक हाथों में सरकार विरोधी तख्तियां और बैनर लेकर परिसर में एकत्र हुए और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विपक्ष का आरोप है कि सरकार युवाओं को स्थाई रोजगार देने के बजाय लॉटरी प्रणाली के जरिए उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं ने राज्य में बढ़ती बेरोजगारी पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने मांग की कि सरकार इस विवादित लॉटरी सिस्टम को तुरंत वापस ले और विभिन्न सरकारी विभागों में खाली पड़े बैकलॉग पदों को पारदर्शी तरीके से भरे। विपक्ष ने साफ किया कि हिमाचल का युवा पक्की और सम्मानजनक नौकरियां चाहता है, न कि किसी लॉटरी के भरोसे अपना भविष्य दांव पर लगाना चाहता है। इस हंगामे के चलते विधानसभा के भीतर और बाहर दोनों जगह दिनभर तनाव की स्थिति बनी रही।
Content Editor- Pushpa
