कुल्लू में आयोजित दिशा कमेटी की बैठक में मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत ने ग्रामीण क्षेत्रों में सरेआम बिक रहे नशे को लेकर पुलिस प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई है। बैठक के दौरान सांसद ने सीधे तौर पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब ग्रामीण इलाकों में छोटे-छोटे खोखों में सरेआम नशे का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है, तो पुलिस इस पर कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है? उन्होंने कुल्लू के एसपी अभिषेक सेकर को इस गंभीर मुद्दे पर तुरंत कड़ा संज्ञान लेने और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।
सांसद कंगना रनौत ने बेहद संजीदगी और सख्त लहजे में एसपी कुल्लू को इस सामाजिक बुराई की संवेदनशीलता समझाई। उन्होंने कहा कि युवाओं को इस दलदल से बचाने के लिए ग्राउंड लेवल पर मजबूत और प्रभावी एक्शन लेने की सख्त जरूरत है। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर सांसद की बातों को बेहद ध्यान से सुनते और जरूरी दिशा-निर्देशों को नोट करते नजर आए। हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते जाल को तोड़ने के लिए सांसद ने पुलिस विभाग को अपनी इंटेलिजेंस और गश्त बढ़ाने की कड़ी हिदायत दी है।
Content Editor- Pushpa
