शिमला: संजौली स्थित समिट्री क्षेत्र में 30 अगस्त को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहाँ बंदर के अचानक हुए हमले से घबराकर खुद को बचाने की कोशिश में एक महिला छत से नीचे जा गिरीं। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत आईजीएमसी अस्पताल पहुँचाया। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू (ICU) में भर्ती किया, जहाँ एक सप्ताह तक चले इलाज के बाद शनिवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। आईजीएमसी के एमएस डॉ. राहुल राव ने महिला के निधन की पुष्टि की है। इस घटना के बाद से संजौली और आसपास के इलाकों में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिमला शहर में बंदरों का आतंक अब सहने की सीमा से बाहर हो चुका है। बंदरों के झुंड आए दिन घरों की छतों, खिड़कियों और आम रास्तों पर राहगीरों पर हमला कर देते हैं। निवासियों ने प्रशासन से इस जानलेवा समस्या का जल्द से जल्द कोई ठोस और स्थायी हल निकालने की जोरदार माँग की है।
Content Editor- Pushpa
