सच हिमाचल ब्यूरो: शिमला पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी के संगठित तंत्र को ध्वस्त करते हुए तीन प्रमुख मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष टीमों ने कार्रवाई करते हुए न सिर्फ पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में फैले नेटवर्क का पर्दाफाश किया, बल्कि विदेश भागने की फिराक में लगे आरोपी को भी दबोच लिया।
पहले मामले में, जिला शिमला की स्पेशल सेल ने शोघी के पास 1.120 किलोग्राम हाई ग्रेड हेरोइन के साथ आरोपी विजय कुमार को पकड़ा था। पूछताछ और बैकवर्ड लिंकेज खंगालने पर पता चला कि यह खेप पंजाब के तरनतारन निवासी शुभकरमन सिंह उर्फ सुल्तान द्वारा भेजी गई थी। जांच में तीसरे आरोपी आजाद सिंह (निवासी अंबाला) का नाम सामने आया, जो पुलिस से बचने के लिए अबू धाबी भागने की फिराक में था। स्पेशल सेल ने गुजरात पुलिस के साथ मिलकर साझा ऑपरेशन चलाया और आजाद सिंह को अहमदाबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। यह गिरोह एजेंसियों से बचने के लिए ‘Signal App’ का इस्तेमाल करता था। आरोपी विजय और आजाद का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
दूसरे मामले में, पुलिस थाना जुब्बल ने ‘लोकेशन-बेस्ड डिलीवरी मॉड्यूल’ से नशा सप्लाई करने वाले मुख्य ऑपरेटर सन्नी सिंह को अंबाला से गिरफ्तार किया। इससे पहले रविन्द्र कुमार नाम के आरोपी को 9.57 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया था, जिसने जीरकपुर से नशा लाने की बात कबूली। रविन्द्र की निशानदेही पर NH-705 के किनारे छिपाकर रखी गई कुल 14.53 ग्राम हेरोइन 3 अलग-अलग स्थानों से बरामद की गई। आरोपी NDPS कानून की सख्त धाराओं से बचने के लिए युवाओं को छोटी-छोटी मात्रा में नशा बेचते थे और लोकेशन WhatsApp से शेयर करते थे। मुख्य सप्लायर सन्नी सिंह के खिलाफ पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में नशा तस्करी के 7 से अधिक मामले दर्ज हैं।
तीसरे मामले में, सदर थाना शिमला की टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य सरगना करण (निवासी अमृतसर) को 25 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया।
यह मामला दिसंबर 2025 में 6.360 ग्राम हेरोइन बरामदगी से जुड़ा है। वित्तीय जांच के दौरान पता चला कि पहले पकड़े गए आरोपी सागर ने करण के HDFC बैंक खाते में 3 लाख रुपये का लेन-देन किया था। इस फाइनेंशियल ट्रेल के आधार पर करण को पूरे नेटवर्क का मुख्य किंगपिन चिन्हित कर दबोच लिया गया।
शिमला पुलिस नशा तस्करों की केवल बरामदगी तक सीमित न रहकर उनके फाइनेंशियल और बैकवर्ड सप्लायर नेटवर्क्स को पूरी तरह नष्ट करने की दिशा में सख्त कदम उठा रही है।
Content Editor- Pushpa
