सच हिमाचल ब्यूरो: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और तबाही के बीच हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से बेहद चिंताजनक खबर सामने आ रही है। नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा (वार्ड नंबर 8) के रहने वाले 30 वर्षीय सुखविन्द्र सिंह नेपाल के त्रिशुली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट-1 में बतौर इंजीनियर तैनात हैं। लेकिन बुधवार को नेपाल में कुदरत का कहर बरपने और अचानक आई बाढ़ के बाद से सुखविन्द्र का अपने परिवार से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। फोन न लगने और कोई खबर न मिलने से परिजन गहरे सदमे में हैं और अनहोनी की आशंका से बेहद चिंतित हैं।
बेटे की तलाश में कोई कसर न छोड़ते हुए परिवार के लोग ऊना से खुद नेपाल के लिए रवाना हो गए हैं। इसके साथ ही पीड़ित परिवार ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से भी मदद की गुहार लगाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने भी परिजनों को ढांढस बंधाया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह शिमला पहुंचकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष यह मामला उठाएंगे ताकि सरकार और प्रशासन के माध्यम से नेपाल में लापता इंजीनियर की जल्द से जल्द खोज की जा सके।
Content Writer- Pushpa
