सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू से एक बेहद ही हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ ढालपुर के एक कंप्यूटर सेंटर में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा अपने ही दो सहपाठियों की दरिंदगी का शिकार हो गई। पीड़िता की माँ की शिकायत के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मामला दर्ज कर लिया है और जाँच का पहिया तेजी से घूमने लगा है।
यह खौफनाक दास्तान तब उजागर हुई जब पीड़िता ने डर के मारे पिछले एक महीने से कंप्यूटर सेंटर जाना छोड़ दिया। परिजनों के बार-बार पूछने पर सहमी हुई बेटी का दर्द छलक उठा और उसने आपबीती सुनाई। छात्रा के मुताबिक, बीती 10 अप्रैल को उसके साथ ही पढ़ने वाले दो लड़के, नीरज और नोमिश, उसे बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गए। वहाँ दोनों ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए उसके साथ जबरदस्ती की। दरिंदों ने न सिर्फ इस घिनौनी करतूत को अंजाम दिया, बल्कि इसका वीडियो भी बना लिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करते रहे।
इस दिल दहला देने वाली घटना की भनक लगते ही परिजनों ने बिना देर किए पुलिस का रुख किया। मामले की संवेदनशीलता और पीड़िता के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की सख्त धारा 6 के तहत एफआईआर दर्ज की है। कुल्लू के एसपी मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए साफ किया है कि पुलिस इस घटना को बेहद गंभीरता से ले रही है और दोनों ही आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाने के लिए सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Content Writer-Vijay
