चंबा के भरमौर (सचुई पंचायत) में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहाँ दोस्ती के नाम पर परोसे गए नशे ने एक स्थानीय युवक, रोहित की जान ले ली। 8 फरवरी को जालंधर से दो युवक, जिवांशु और कर्ण, अपने दोस्त रोहित से मिलने बाड़ी गाँव पहुँचे थे। रात को साथ रुकने के बाद अगली सुबह रोहित बेसुध पाया गया और अस्पताल पहुँचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में यह सामान्य मौत लग रही थी, लेकिन पुलिस की पैनी नजर और कड़ाई से की गई पूछताछ ने मामले की दिशा ही बदल दी।
पुलिस को आरोपियों की कार की तलाशी के दौरान जैक के टूल बॉक्स में छिपाया गया 2.15 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इस बरामदगी ने साफ कर दिया कि उस रात कमरे के भीतर ‘सफेद मौत’ का खेल चल रहा था। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि तकनीकी कारणों से उन्हें जमानत मिल गई है, लेकिन पुलिस अब पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि यह साबित हो सके कि रोहित की मौत का सीधा कारण नशे की ओवरडोज ही थी। यह घटना एक कड़ा सबक है कि कैसे बाहरी राज्यों से आ रहा नशा हमारे शांत पहाड़ों की हरियाली को निगल रहा है।
By Dhruv Sharma
