धर्मशाला के स्कूल शिक्षा बोर्ड मुख्यालय के पास बीती रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। धर्मशाला से सकोह की ओर जा रही एक तेज़ रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार लोहे के मलबे में तब्दील हो गई और चीख-पुकार मच गई।इस हृदयविदारक घटना में जटेहड़ निवासी आदर्श बैंस की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस फिलहाल मामले की जाँच कर रही है कि दुर्घटना का मुख्य कारण केवल तेज़ रफ्तार थी या कोई तकनीकी खराबी। इस हादसे ने जहाँ एक परिवार का चिराग बुझा दिया, वहीं पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।
By Dhruv Sharma
