हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। टांडा मेडिकल कॉलेज में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की द्वारा बच्चे को जन्म देने के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गगल पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी नमन कुमार (19 वर्ष) की मुलाकात पीड़िता से एक शादी समारोह के दौरान हुई थी, जिसके बाद दोस्ती और मेल-मुलाकात का सिलसिला शुरू हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और अब वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियाँ जोड़ी जा रही हैं।इस संवेदनशील मामले में पुलिस अब नाबालिग के बयान और मेडिकल रिपोर्ट को आधार बनाकर कानूनी कार्रवाई को अंतिम रूप दे रही है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया जा रहा है, जहाँ से उसकी रिमांड और आगामी कानूनी प्रक्रिया तय होगी। जिला पुलिस का कहना है कि वे इस तरह के अपराधों को लेकर बेहद सख्त हैं और पीड़िता को इंसाफ दिलाने के लिए हर संभव साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
By Dhruv Sharma
