मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा के इंदौरा में ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ थीम पर आधारित इंदौरा उत्सव के समापन की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा को समाप्त करने के निर्णय की कड़ी निंदा करते हुए इसे गरीबों के हितों पर प्रहार बताया। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर किसानों की मासिक आय 20 हजार रुपये तक ले जाने का लक्ष्य है।उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में 3000 करोड़ रुपये के निवेश और आधुनिक मशीनों (रोबोटिक सर्जरी, 3-टेस्ला एमआरआई) की जानकारी दी। नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने घोषणा की कि नशा तस्करों की अवैध संपत्ति जब्त की जाएगी और सूचना देने वालों को 10 लाख रुपये तक का इनाम दिया जाएगा। साथ ही, उन्होंने इंदौरा उत्सव को जिला स्तरीय दर्जा देने की घोषणा की और बताया कि राजस्व अदालतों के माध्यम से साढ़े चार लाख से अधिक लंबित मामलों का निपटारा किया जा चुका है।
By Dhruv Sharma
