मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश की जनता के सामने सरकार का रिपोर्ट कार्ड रखते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने पिछले तीन वर्षों में अपने ही संसाधनों से 26,683 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह कमाई पिछली भाजपा सरकार के औसत राजस्व से 3,800 करोड़ रुपये ज्यादा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि शराब के ठेकों की पारदर्शी नीलामी से उन्होंने 5,408 करोड़ रुपये सरकारी खजाने में जमा किए हैं, जबकि पहले यह आय केवल 1,114 करोड़ रुपये तक सीमित थी।सुक्खू ने अपनी सरकार की अन्य वित्तीय उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि वाइल्ड फ्लावर हॉल के मालिकाना हक की कानूनी लड़ाई जीतकर राज्य को 401 करोड़ रुपये का वित्तीय लाभ दिलवाया गया है, जिससे अब हर साल 20 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होगी। इसी तरह, कड़छम-वांगतू बिजली परियोजना में रॉयल्टी बढ़वाकर सरकार ने सालाना 150 करोड़ रुपये और कमाने का रास्ता साफ कर दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार का लक्ष्य फिजूलखर्ची रोककर और आय के नए स्रोत बनाकर हिमाचल को 2027 तक ‘आत्मनिर्भर’ राज्य बनाना है।
By Dhrub Sharma
