शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज राज्य में पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देश दिए कि दस दिनों के भीतर होम स्टे इकाइयों के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के लिए यूजर फ्रैंडली ऑनलाइन पोर्टल बनाने के लिए सक्षम सॉफ्टवेयर कंपनियों की सेवाएं ली जाएं और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटलों, सरकारी अतिथिगृहों और विभिन्न विभागों के विश्राम गृहों में सभी भुगतान — जिसमें खाद्य बिल भी शामिल हैं — अब पूरी तरह ऑनलाइन किए जाएं।
उन्होंने एशियन विकास बैंक और पर्यटन विकास बोर्ड परियोजनाओं के तहत नक्शे तैयार करने के लिए पेशेवर आर्किटेक्ट्स की सूची दस दिनों के भीतर जारी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रक्रियाओं को सरल बनाने और निवेश प्रोत्साहन परिषद के नियमों में आवश्यक बदलाव करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि घाटे में चल रही पर्यटन विकास निगम की इकाइयों के संचालन और रखरखाव में तेजी लाई जाए ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में मुख्य सचिव संजय गुप्ता, प्रधान सचिव देवेश कुमार, पर्यटन निदेशक विवेक भाटिया, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
By Neeraj Verma
