हिमाचल प्रदेश को आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के अभिनव उपयोग के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा हैदराबाद में आयोजित आधार दिवस समारोह के दौरान प्रदान किया गया।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है, जहां उचित मूल्य की दुकानों पर फेस ऑथेंटिकेशन आधारित राशन वितरण शुरू कर दिया गया है।
यह पहल डिजिटल टेक्नोलॉजीज़ एंड गवर्नेंस विभाग और UIDAI के परामर्श से विकसित की गई है। नई तकनीक न केवल किफायती और सरल है बल्कि वरिष्ठ नागरिकों और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी बड़ी राहत प्रदान करेगी, क्योंकि अब उन्हें फिंगरप्रिंट या ओटीपी आधारित प्रमाणीकरण की कठिनाई नहीं झेलनी पड़ेगी।
यह सम्मान हिमाचल प्रदेश की पारदर्शी और कुशल सार्वजनिक सेवा वितरण में अग्रणी भूमिका को दर्शाता है।
By Neeraj Verma
