हिमाचल प्रदेश में आपदा से बिगड़े हालात पर अब राजनीति के दोनों बड़े नेता सक्रिय नज़र आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज मनाली के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और जमीनी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हेलीकॉप्टर के ज़रिए राहत सामग्री भी पहुँचाई। सीएम ने कहा कि “आपदा से भारी तबाही हुई है, लेकिन मिलजुलकर हर टूटी राह को जोड़ा जाएगा और हर उजड़े परिवार को फिर से बसाया जाएगा।” उन्होंने ज़िला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि किसी को भी नदी-नालों के पास न जाने दिया जाए और सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान रखा जाए।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने सराज (मंडी) में पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और कुल्लू के अखाड़ा बाज़ार पहुँचे, जहाँ हाल ही में भीषण भूस्खलन हुआ था। इस हादसे में अब तक 4 मौतें हो चुकी हैं, जबकि कुछ लोगों के और मलबे में दबे होने की आशंका है। उनकी तलाश जारी है। जयराम ठाकुर ने हालात का जायज़ा लिया और मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
By Neeraj Verma
