हिमाचल प्रदेश में 24 अगस्त का दिन लगातार भूस्खलन की घटनाओं से प्रभावित रहा। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश के बाद पहाड़ दरकते रहे और कई जगह सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गए।
चंबा जिले के डलहौज़ी के पास करेलनु तलाई में बादल फटने की घटना सामने आई। इस दौरान भारी मात्रा में पानी और मलबा आने से लोगों में दहशत फैल गई, हालांकि प्रशासन ने हालात पर काबू पा लिया।
बिलासपुर जिले में कीरतपुर–नेरचौक फोरलेन मार्ग पर मेहला के समीप भारी भूस्खलन हुआ। इस दौरान पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरते रहे, जिससे सफर करना खतरनाक बन गया और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
इसके अलावा मंडी जिले में पधर उपमंडल सहित कई जगहों पर भूस्खलन के चलते लोगों को दिक़्क़तों का सामना करना पड़ा और कल वहां स्कूल व शिक्षण संस्थान छात्रों के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए गए।
धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में भी भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं। सुधेड़ गांव में भूस्खलन से एक घर क्षतिग्रस्त हुआ, जबकि शाहपुर विधायक मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लेने पहुंचे।
बनी–बसोली मार्ग पर टिकरी मोड़ के समीप सड़क पूरी तरह धंस गई और यातायात ठप हो गया। वहीं, करसोग से शिमला मार्ग पर भलिगी मंदिर के पास भारी भूस्खलन होने से सड़क यातायात के लिए बाधित हो गई।
प्रदेश में हो रही लगातार बारिश और भूस्खलन से आमजनजीवन प्रभावित है और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
By Neeraj Verma
