सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में जिला परिषद चुनावों के नतीजे घोषित हो गए हैं, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक बार फिर अपना जबरदस्त दबदबा कायम रखते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। जिले की कुल 36 जिला परिषद सीटों में से भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 सीटों पर अपना परचम लहराया है। इसके विपरीत, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को इन चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा है और पार्टी महज 4 सीटों पर ही सिमट कर रह गई। वहीं, वामपंथी दल सीपीआई(एम) के खाते में 2 सीटें आई हैं, जबकि 5 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारी है। इन विजयी निर्दलीयों में 3 भाजपा के बागी, 1 कांग्रेस की बागी और 1 अन्य स्वतंत्र उम्मीदवार शामिल हैं।
इस चुनाव का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि जनता ने बड़े राजनीतिक घरानों से ताल्लुक रखने वाले दिग्गज नेताओं के परिजनों को पूरी तरह से नकार दिया। पूर्व मंत्री और मंडी जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कौल सिंह की बेटी चंपा ठाकुर को कोटली वार्ड से भाजपा प्रत्याशी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इसी तरह, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की बेटी वंदना गुलेरिया भी टिहरा वार्ड से चुनाव हार गईं। इसके अलावा, सराज से कांग्रेस के प्रमुख नेता चेत राम ठाकुर के बेटे तरुण ठाकुर को भी ब्रयोगी वार्ड में करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है।
भाजपा को प्रचंड बहुमत दिलाने वाले 25 अधिकृत विजेताओं में रोशन लाल (बथेरी), बिंदु बाला (नेर घरवासड़ा), विद्या देवी (नगवाईं), धर्मपाल ठाकुर (स्योग), दीपक कुमार शर्मा (कटौला), बोदी देवी (थाची), पदमा देवी (बासा), इंद्र देव (मझोठी), शिव चंद (रोड़), रोहित कुमार (ब्रयोगी), टिक्कम सिंह (नौण), शकुंतला देवी (चुराग), अनिता देवी (लोअर करसोग), नोमलता (सराहन), कमल सिंह (सांवीधार), रोशन लाल (डैहर), अमरू राम (खिलड़ा), प्रेम सिंह (कोट बल्ह), संजय कुमार रावत (बैहल), सुष्मिता शर्मा (कोट गोपालपुर), परस राम (सदयाणा), हेमलता (कोटली), रीना देवी (सरी), श्याम लाल (नवाही) और अंजना कुमारी (सोहर) शामिल हैं।
दूसरी ओर, कांग्रेस की तरफ से केवल 4 उम्मीदवार ही अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे, जिनमें मोहित ठाकुर (सलापड़), पवन कुमार (लोअर रिवालसर), अंजनी देवी (थौना) और अनिता कुमारी (टिहरा) शामिल हैं। इसके अलावा, सीपीआईएम की ओर से कुशाल भारद्वाज (भडयाडा) और शिवानी ठाकुर (कुफरी) ने जीत दर्ज कर अपनी पार्टी का खाता खोला। बागी और निर्दलीय प्रत्याशियों की बात करें तो भाजपा से बगावत करने वाली चंपा देवी (डलाह), डिम्पल कुमार सैनी (गोड़ा गागल) और अभिलाषा ठाकुर (भाम्बला) ने जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस की बागी किरणा कुमारी ने महादेव वार्ड से जीत दर्ज की। वहीं, लांगणा वार्ड से राखी शर्मा ने एकमात्र विशुद्ध निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत का परचम लहराया।
Content Writer-Vijay
