सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश में जून की शुरुआत सुहावने मौसम के साथ हुई है। मौसम विभाग ने आगामी 8 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी का अनुमान जताया है। शिमला, मनाली और धर्मशाला जैसे पर्यटन स्थलों पर मौसम खुशनुमा बना रहने से मैदानी इलाकों की भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए सैलानियों की आमद बढ़ने की उम्मीद है। जानिए अगले कुछ दिनों का पूरा वेदर अपडेट।
हिमाचल प्रदेश में जून महीने की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज काफी सुहावना बना हुआ है। बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही हल्की से मध्यम बारिश के कारण मैदानी इलाकों जैसी भीषण गर्मी से राहत है और तापमान सामान्य से 2 से 7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, राज्य में 8 जून तक मौसम के ऐसे ही मस्ताने बने रहने के आसार हैं। विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों और पर्यटकों को सतर्कता बरतने तथा ताजा वेदर अपडेट के साथ ही सफर करने की सलाह दी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 26.0 मिमी बारिश कंडाघाट में दर्ज की गई है, जबकि कुफरी, फागू, शिमला और सोलन जैसे इलाकों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।
आगामी दिनों के पूर्वानुमान की बात करें तो 3 जून को चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 4 जून को मौसम का असर और व्यापक होगा, जिससे लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के करीब 10 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद 5 और 6 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और सिरमौर में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि 4 और 5 जून को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली कड़कने और ओलावृष्टि की भी आशंका है। इस खुशनुमा बदलाव से शिमला और मनाली का रुख करने वाले पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं।
Content Writer- Vijay
