सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश पंचायत चुनाव के पहले चरण के दौरान मंडी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ बैलेट पेपर पर उम्मीदवार का नाम गायब होने के कारण प्रशासन को वोटिंग रोकनी पड़ी।
हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के पहले चरण का मतदान आज सुबह 7 बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ। लेकिन इसी बीच मंडी जिले के करसोग क्षेत्र से एक बड़ी प्रशासनिक लापरवाही का मामला सामने आया है। यहाँ के थाच-थर्मी, प्रलोग और मेंडी बीडीसी (BDC) वार्डों में मतदान के दौरान तब हड़कंप मच गया, जब पता चला कि बैलेट पेपर पर एक बीडीसी उम्मीदवार का नाम ही गायब है। इस बड़ी चूक के सामने आते ही पोलिंग बूथों पर मतदाताओं और समर्थकों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया।
बढ़ते तनाव और स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत ऐक्शन लिया और यहाँ चल रही मतदान प्रक्रिया को आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया। अधिकारियों ने इसे मतपत्र की तकनीकी खराबी बताया है और कहा है कि अब नए आदेश जारी होने के बाद ही यहाँ दोबारा वोट डाले जाएंगे। गौरतलब है कि सूबे की 1,293 पंचायतों में पहले चरण के लिए दोपहर 3 बजे तक वोटिंग होनी है, जिसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, लेकिन करसोग में हुई इस चूक ने चुनावी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Content Writer- Vijay
