:सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां बैजनाथ क्षेत्र की एक 53 वर्षीय महिला की जहरीले पदार्थ का सेवन करने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, महिला द्वारा विषैले पदार्थ का सेवन किए जाने के बाद उसे गंभीर हालत में तुरंत सिविल अस्पताल बैजनाथ ले जाया गया था। अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, महिला की हालत इतनी नाजुक थी कि डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से असमर्थ (अनफिट) घोषित कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख प्राथमिक उपचार के बाद महिला को बेहतर इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (टांडा) रेफर किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा पाए और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई: एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मृतका के पति सुशील कुमार के बयान दर्ज कर लिए हैं। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस इस मामले की गहराई से जांच करेगी ताकि घटना के असली कारणों का पता लगाया जा सके।
Content Writer- Vijay
