शिमला/(रोहड़ू) कुलगांव: कुलगांव में एक नवनिर्मित मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब जश्न के दौरान हुई फायरिंग में एक युवती की जान चली गई। 26 वर्षीय रितिका बेतिया (उर्फ गुड़िया), जो रोहड़ू के चिड़गांव की रहने वाली थी, इस दर्दनाक हादसे का शिकार बनीं। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, यह घटना रविवार की है जब मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम चल रहा था और लोग पारंपरिक नृत्य में मग्न थे। इसी बीच आरोपी ने गोली चला दी, जो सीधे रितिका को जा लगी और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
प्रशासन ने इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है। शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। इस जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा को सौंपी गई है, जिन्हें सात दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उपायुक्त ने जांच अधिकारी को न केवल घटना के तथ्यों का पता लगाने बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक सुधारों के सुझाव देने के भी निर्देश दिए हैं। यह घटना एक बार फिर ‘हर्ष फायरिंग’ (Celebratory Firing) के खतरों और सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
Content Writer- Vijay
