सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अम्ब क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी के पवित्र बंधन में बंधने जा रही एक युवती एन वक्त पर रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई। बताया जा रहा है कि 7 मई को युवती का विवाह तय था और घर में मेहमानों की चहल-पहल के साथ तैयारियां जोरों पर थीं। इसी बीच मंगलवार सुबह अचानक युवती गायब हो गई। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। उसी समय गांव का ही एक शादीशुदा व्यक्ति भी घर से लापता पाया गया, जिससे शक की सुई उस पर गहरा गई है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उक्त व्यक्ति उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर और शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया है। इस घटना से न केवल युवती के परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं, बल्कि दूल्हे के पक्ष को भी भारी सामाजिक और मानसिक अपमान का सामना करना पड़ रहा है। आरोपी के परिवार में भी इस घटना के बाद से काफी तनाव है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। युवती और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों को ढूंढ लिया जाएगा और मामले की पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।
Content Writer- Vijay
