मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज एशियन विकास बैंक (ADB) के सहयोग से हिमाचल प्रदेश में चल रही पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा की। इस बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में पर्यटन को एक वैश्विक ब्रांड बनाने के लिए बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ADB के माध्यम से दो चरणों (ट्रेंच-1 और ट्रेंच-2) में कुल 2,350 करोड़ रुपये की परियोजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इन निर्माण कार्यों में विश्व-स्तरीय गुणवत्ता का पालन किया जाए और इन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि राज्य की आर्थिकी को मजबूती मिले और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हों।
प्रदेश सरकार के विजन के अनुसार, कांगड़ा जिले को हिमाचल की ‘पर्यटन राजधानी’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके तहत पालमपुर और नगरोटा बगवां में लगभग 77.70 करोड़ रुपये के सौंदर्यकरण कार्य, पार्किंग निर्माण, और ऐतिहासिक स्थलों के जीर्णोद्धार पर खर्च किए जा रहे हैं। साथ ही, पर्यटकों की सुविधा के लिए हेलीपोर्ट्स का निर्माण और कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तार भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। बैठक में यह भी साझा किया गया कि प्रदेश के अन्य जिलों जैसे हमीरपुर, कुल्लू और शिमला में भी बड़े स्तर पर काम चल रहा है। इसमें बाबा बालक नाथ मंदिर का सौंदर्यीकरण, मनाली और कुल्लू में वेलनेस सेंटर, और विभिन्न स्थानों पर आइस स्केटिंग रिंक व साहसिक खेल केंद्रों का निर्माण शामिल है।
By Dhruv Sharma
