हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा निदेशालय ने अनुशासनहीनता और कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को सख्त संदेश दिया है। जिला सिरमौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाहन में तैनात अंग्रेजी प्रवक्ता संजीव पासी को सरकारी सेवा से अनिवार्य सेवानिवृत्ति (Compulsory Retirement) दे दी गई है। उन पर बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के लंबे समय तक ड्यूटी से गायब रहने का आरोप सिद्ध हुआ है। विभागीय जांच में पाया गया कि संजीव पासी जून 2022 से नवंबर 2023 के बीच कुल 234 दिनों तक अनुपस्थित रहे, जिसे सीसीएस (आचरण) नियम 1964 का गंभीर उल्लंघन माना गया।मामला केवल छुट्टी तक ही सीमित नहीं है; उक्त प्रवक्ता पर अपने कार्यकाल के दौरान लगभग 4.13 लाख रुपये के वित्तीय गबन का भी गंभीर आरोप है। शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने स्पष्ट किया कि विभाग अनुशासन और ईमानदारी से कोई समझौता नहीं करेगा। जहां ड्यूटी से गायब रहने पर सेवानिवृत्ति की गाज गिरी है, वहीं वित्तीय अनियमितताओं के लिए 4 अक्टूबर 2025 को एक नया आरोप पत्र जारी कर अलग से जांच शुरू कर दी गई है। इस जांच के परिणाम आने पर भविष्य में और भी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
By Dhruv Sharma
