हमीरपुर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र के मंझेली और कड़साई में जनसमस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने मंझेली में नया पटवार वृत्त और स्वास्थ्य उप-केंद्र खोलने की घोषणा की। इसके साथ ही महिला मंडलों को 1-1 लाख रुपये, 100-100 कुर्सियां और भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।मुख्यमंत्री ने कहा कि मंझेली पंचायत की सड़कों के सुदृढ़ीकरण के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं और मंझेली-भूपल सड़क की डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कांगू स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध करने की घोषणा की गई।सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार कर रही है। हिमाचल प्रदेश अब राष्ट्रीय शिक्षा सूचकांक में 21वें से 5वें स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की देन है, जिन्होंने इसके लिए 190 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे, जबकि कांग्रेस सरकार ने अपने संसाधनों से 400 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जारी कर निर्माण कार्य पूरा किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सिर्फ आधारशिला रखी गई थी, जबकि असली विकास कांग्रेस सरकार ने किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर हमीरपुर की उपेक्षा का आरोप लगाया।सुक्खू ने बताया कि नादौन में खेल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 120 करोड़ रुपये की लागत से राज्य का पहला इनडोर स्टेडियम तैयार किया जा रहा है। इसमें स्विमिंग पूल, शूटिंग रेंज और 17 अन्य खेलों की सुविधाएं होंगी। इसके अलावा 59 करोड़ रुपये की लागत से राफ्टिंग कॉम्प्लेक्स और 79 करोड़ रुपये की लागत से वेलनेस सेंटर व वाटर पार्क का निर्माण भी किया जाएगा।कड़साई में मुख्यमंत्री ने 2.04 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला रखी और कहा कि फिलहाल यह किराये के भवन से कार्य करेगा।उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए दुग्ध उत्पादन, हल्दी, गेहूं, मक्का और जौ पर न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान कर रही है। मनरेगा मजदूरी में भी 80 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय पदक विजेता अर्नब सैनी, कोच सुखदेव और राज्य स्तरीय पदक विजेता एथलीटों को सम्मानित किया।कार्यक्रम में विधायक कैप्टन रंजीत सिंह, पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया, डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, अतुल करोहटा, अजय शर्मा और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
By Dhruv Sharma
