सिरमौर जिले के रेणुका जी में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने की। उन्होंने पवित्र झील के देवघाट पर प्रतिदिन आरती की नई परंपरा की सराहना की और सांस्कृतिक व आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित रखने का आह्वान किया। राज्यपाल ने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की और कहा कि संस्कृति हमारी सबसे बड़ी धरोहर है। इस अवसर पर उन्होंने भगवान परशुराम व माता रेणुका जी के मंदिरों में पूजा-अर्चना की और प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ, जबकि उद्योग विभाग ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनी का प्रथम पुरस्कार जीता।
