सच हिमाचल ब्यूरो: पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों (22 से 26 जून) तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, हालांकि देश के अन्य हिस्सों में मानसून आगे बढ़ रहा है, लेकिन हिमाचल में इसके दस्तक देने में अभी थोड़ा समय लगेगा। इस बीच, राजधानी शिमला सहित कई इलाकों में धूप-छांव के खेल के बीच शाम को बारिश दर्ज की गई है। वहीं कुल्लू जैसे क्षेत्रों में रविवार को तेज हवाओं और उड़ती धूल के गुबार ने लोगों और स्थानीय दुकानदारों को काफी परेशान किया।
आने वाले दिनों में मौसम के इस बदलाव से तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। अगले 24 घंटों के बाद राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की उम्मीद है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। फिलहाल शिमला का न्यूनतम तापमान 17.0°C और केलांग में सबसे कम 6.3°C दर्ज किया गया है। अगर जून महीने में अब तक हुई बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो 1 से 21 जून के बीच राज्य में सामान्य से 20 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान बिलासपुर में सामान्य से सबसे कम (65% कम) बारिश हुई, जबकि चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, लाहाैल-स्पीति और मंडी में भी सामान्य से कम वर्षा हुई है। इसके विपरीत, इस सूखे के बीच किन्नौर में सामान्य से 32%, सोलन में 12% और शिमला में 9% अधिक बादल बरसे हैं।
Content Writer- Vijay
