सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत पहाड़ी रास्तों पर एक बार फिर रफ्तार और अनियंत्रित वाहन ने दो जिंदगियां लील लीं। शुक्रवार दोपहर बाद कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी के सरसाड़ी इलाके में पंजाब के पर्यटकों की एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और देखते ही देखते करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी में कुल पांच लोग सवार थे, जो पंजाब के कपूरथला से पहले मनाली घूमने आए थे और वहां से मणिकर्ण की तरफ जा रहे थे।
घटना की आवाज सुनते ही स्थानीय ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और खाई से लोगों को बाहर निकाला। इस हादसे में दो पर्यटकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, और पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
Content Writer- Vijay
