सच हिमाचल ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ननखड़ी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक बेहद दर्दनाक कार हादसा हुआ। ननखड़ी-पुनन मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार सवार 49 वर्षीय कुंदन लाल और उनकी 16 वर्षीय बेटी आकृति (11वीं की छात्रा) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में कुंदन लाल का 12 वर्षीय बेटा अरब और 55 वर्षीय कार चालक सतपाल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।घटना की सूचना मिलते ही ननखड़ी थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से उन्हें बेहतर इलाज के लिए आईजीएमसी (IGMC) शिमला रेफर कर दिया गया है। पुलिस की शुरुआती जाँच में हादसे की वजह लापरवाही से गाड़ी चलाना सामने आ रही है, हालांकि तकनीकी पहलुओं की भी जाँच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर लिया गया है। इस दुखद हादसे के बाद से मृतकों के पैतृक गाँव लौहटी में मातम पसरा हुआ है।
Content Writer- Vijay
