हिमाचल प्रदेश की कुख्यात गैंगस्ट.रों ने सोचा हिमाचल है छुपाने की आरामदायक जगह, पंजाब पुलिस आई, उठा ले गई, 8 पकड़े!
कैसे बिछाया गया गिरफ्तारी का जाल?
जानकारी के मुताबिक, यह गिरोह बीते वीरवार को मणिकर्ण पहुंचा था और वहां के एक निजी होटल में सुरक्षित ठिकाना बनाए हुए था। हालांकि, पंजाब पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) लगातार इनके डिजिटल फुटप्रिंट्स और लोकेशन को ट्रैक कर रही थी। जैसे ही यह गिरोह बरशैणी की ओर से मणिकर्ण की तरफ वापस लौटा, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शिल्ला के पास उनकी घेराबंदी कर ली। स्थानीय कुल्लू पुलिस के साथ मिलकर की गई इस ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ ने आरोपियों को भागने का कोई मौका नहीं दिया।
गिरफ्तार आरोपियों का प्रोफाइल:
गिरफ्तार किए गए लोगों में मुख्य चेहरा पंजाब का खूंखार गैंगस्टर हरप्रीत सिंह है, जिसके आपराधिक रिकॉर्ड की फेहरिस्त काफी लंबी है। हरप्रीत के साथ उसके साथी राम सिंह, गुरप्रीत सिंह, सतनाम (उर्फ सागर), सिकंदर और राजबिंद्र को भी दबोचा गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस गिरोह में दो महिलाएं (कोमल और तलविंदर कौर) भी शामिल थीं, जो शायद पुलिस की नजरों से बचने के लिए ढाल के रूप में साथ चल रही थीं।
क्राइम रिकॉर्ड:
मुख्य आरोपी हरप्रीत सिंह पर हाल ही में (20 अप्रैल) हत्या के प्रयास (धारा 109 BNS) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। उस पर एक घर पर अंधाधुंध फायरिंग कर फिरौती वसूलने और दहशत फैलाने का गंभीर आरोप है।
पुलिस की अगली रणनीति:कुल्लू के एसपी मदन लाल कौशल ने इस ऑपरेशन को दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतरीन तालमेल का नतीजा बताया है। फिलहाल, सभी 8 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना और यह पता लगाना है कि देवभूमि में उनके छिपने के पीछे क्या कोई बड़ी साजिश थी या वे किसी नए टारगेट की तलाश में थे। इस गिरफ्तारी से घाटी में पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
Content Writer-Vijay
