सोलन: शांत वादियों और सुरक्षित परिवेश के लिए पहचाने जाने वाले हिमाचल प्रदेश में अपराध का ग्राफ जिस तेजी से बढ़ रहा है, उसने हर किसी को चिंता में डाल दिया है। अभी मंडी के सरकाघाट में कॉलेज जा रही 19 वर्षीय छात्रा सिया की दराट से काटकर की गई हत्या का घाव भरा भी नहीं था कि सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में एक और सनसनीखेज हत्याकांड ने प्रदेश को हिला कर रख दिया है। महज एक दिन के भीतर हुई इन दो बड़ी वारदातों ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की मुस्तैदी पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
बद्दी में बेरहमी की हदें पार: खेत में मिला यूपी के युवक का लहूलुहान शव!
सोलन के बद्दी स्थित बिलांवाली लबाणा इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक खेत में एक युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी ओमकार चौधरी (पुत्र दिलावर सिंह) के रूप में हुई है। हत्या की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ओमकार के सिर पर किसी भारी और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए गए थे। घटनास्थल पर फैला खून और हत्या के निशान चीख-चीख कर उस बर्बरता की कहानी बयां कर रहे थे, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
शुरुआती तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि सोमवार रात ओमकार का कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। पुलिस को अंदेशा है कि इसी रंजिश के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान ने खुद कमान संभाली है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस ने दो संदिग्धों की पहचान कर ली है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को पकड़ने के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
मंडी में सिया का अंतिम संस्कार, आक्रोश में डूबा प्रदेशगौरतलब है कि हिमाचल में बीते दो दिन बेहद खौफनाक रहे हैं। सोमवार को मंडी के सरकाघाट में एक सिरफिरे युवक ने कॉलेज जा रही छात्रा सिया की दिनदहाड़े हत्या कर दी थी। हालांकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन स्थानीय लोगों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को जब नम आंखों के बीच सिया का अंतिम संस्कार किया गया, तो पूरे इलाके में मातम के साथ-साथ भारी आक्रोश भी देखा गया। ग्रामीणों ने चक्का जाम कर आरोपी के लिए तत्काल फांसी की सजा की मांग की है।
Content Writer- Vijay
