न्यू शिमला के सेक्टर-4 में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक फ्लैट का दरवाजा कई घंटों तक नहीं खुला। अनहोनी की आशंका होने पर जब पुलिस ने पड़ोसियों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा, तो अंदर 50 वर्षीय प्रवेश कुमार का शव बरामद हुआ। मूल रूप से पालमपुर के रहने वाले प्रवेश कुमार बिजली विभाग में अधिशासी अभियंता (Executive Engineer) के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्त (VRS) ले चुके थे और यहां अकेले रह रहे थे।
जांच में सामने आया है कि साल 2021 में पत्नी के निधन के बाद से वे काफी अकेले पड़ गए थे। उनकी कोई संतान नहीं थी, जिसके कारण वे गहरे मानसिक तनाव और एंग्जायटी से जूझ रहे थे और इसका इलाज भी चल रहा था। शुक्रवार को जब देर तक उनके घर से कोई हलचल नहीं हुई, तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए IGMC शिमला भेज दिया है और धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।
नोट: अकेलेपन और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं गंभीर हो सकती हैं। यदि आप या आपका कोई जानने वाला तनाव महसूस कर रहा है, तो कृपया विशेषज्ञ की मदद लें।
By Dhruv Sharma
