हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, जहाँ बडरेशा गांव के एक व्यक्ति ने मर्यादाओं की सारी हदें पार कर दीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घिनौनी वारदात बीती 1 फरवरी की रात को अंजाम दी गई, जब आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर पीड़िता के घर में जबरन दाखिल हुआ और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दुस्साहिक कृत्य के बाद पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया है।
सरकाघाट थाना प्रभारी रजनीश ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 और 333 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वर्तमान में पुलिस की टीमें वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाने में जुटी हैं ताकि कानूनी शिकंजा और मजबूत किया जा सके। विभाग ने आश्वासन दिया है कि मामले की बारीकी से तफ्तीश की जा रही है और अपराधी को उसके किए की सख्त सजा दिलवाकर पीड़िता को न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
By Dhruv Sharma
