चंबा के चुराह से विधायक हंसराज की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। एक युवती द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों के मामले में पुलिस ने जांच पूरी कर ली है और अदालत में चार्जशीट (चालान) दाखिल कर दी है। यह मामला उस समय का है जब पीड़िता नाबालिग थी, जिसके कारण विधायक के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। 27 नवंबर 2025 को नियमित जमानत मिलने के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो महीने के भीतर ही अपनी रिपोर्ट कोर्ट को सौंप दी है।
बुधवार को विधायक हंसराज व्यक्तिगत रूप से न्यायालय में उपस्थित हुए और वहां उपस्थिति संबंधी बॉन्ड (मुचलका) भरा। उन्होंने अदालत को आश्वासन दिया है कि वे भविष्य में हर सुनवाई पर अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे। चालान पेश होने के साथ ही यह मामला अब न्यायिक प्रक्रिया के अगले चरण में पहुंच गया है। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई 5 मार्च तय की है, जिससे ट्रायल की औपचारिक शुरुआत होगी।
उल्लेखनीय है कि यह मामला 7 नवंबर को महिला पुलिस थाना चंबा में दर्ज हुआ था। गिरफ्तारी से बचने के लिए विधायक ने पहले अग्रिम और फिर नियमित जमानत प्राप्त की थी। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी के अनुसार, पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की है और समय सीमा के भीतर कानूनी प्रक्रिया को पूरा किया है। अब आगे का फैसला अदालत में चलने वाले ट्रायल के जरिए होगा।
By Dhruv Sharma
