हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में मौसम ने अपनी करवट बदल ली है, जिससे हंसा और कोकसर जैसी ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। राज्य में लंबे समय से चल रहा ‘ड्राई स्पैल’ अब खत्म होने की कगार पर है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 और 21 जनवरी से दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) दस्तक दे रहे हैं, जिसके चलते ऊंचे शिखरों पर तीन दिनों तक लगातार बर्फबारी होगी। राहत की बात यह है कि 22 जनवरी से राज्य के मैदानी, मध्यम और ऊंचाई वाले सभी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की प्रबल संभावना है, जिसके लिए विभाग ने 23 जनवरी को ‘यैलो अलर्ट’ भी जारी किया है।ठिठुरन बढ़ी: लाहौल-स्पीति में पारा शून्य से नीचेजानकारी के मुताबिक, रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा दर्रों पर बीती रात से ही बर्फ गिरने का सिलसिला शुरू हो चुका है। लाहौल-स्पीति के हंसा में करीब 3 सेंटीमीटर ताजा बर्फ गिरी है, जबकि केलांग और कुकुमसेरी जैसे इलाकों में भी हल्की बर्फबारी से मौसम सुहावना हो गया है। इस मौसमी बदलाव के कारण प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। वर्तमान में कुकुमसेरी -2.5°C और ताबो -0.9°C के साथ सबसे ठंडे इलाके बने हुए हैं। सूखे की मार झेल रहे किसानों और बागवानों के लिए यह खबर किसी वरदान से कम नहीं है।
By Dhruv Sharma
