हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में स्वास्थ्य विभाग ने एक फर्जी डॉक्टर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके क्लीनिक को सील कर दिया है। पुखरी के रेटा गांव में बिना किसी डॉक्टरी डिग्री के मरीजों का इलाज कर रहे इस शख्स को विभाग ने रंगे हाथों एक्सपायर्ड (समय सीमा समाप्त) स्टेरॉयड इंजेक्शन लगाते हुए पकड़ा। चौंकाने वाली बात यह है कि यह व्यक्ति बिना किसी योग्यता के बवासीर जैसी गंभीर सर्जरी भी कर रहा था, जिसके लिए विशेषज्ञ सर्जन बनने हेतु कई वर्षों की कड़ी मेहनत और पढ़ाई की आवश्यकता होती है।जांच के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक से लगभग 52 प्रकार की दवाइयां जब्त की हैं। इन दवाइयों की प्रमाणिकता और गुणवत्ता परखने के लिए विभाग ने एक एंटीबायोटिक दवा का सैंपल लेकर उसे कंडाघाट लैब भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट अगले 15 दिनों में आने की उम्मीद है। यदि दवाइयों की गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरी, तो न केवल इस फर्जी डॉक्टर बल्कि उसे दवाइयां सप्लाई करने वाले विक्रेताओं पर भी कड़ी कानूनी गाज गिरेगी। राज्य दवा नियंत्रक मनीष कपूर ने स्पष्ट किया है कि इस अवैध नेटवर्क में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
By Dhruv Sharma
