शिमला जिले में राजस्व विभाग के कार्यों को गति देने के लिए उपायुक्त अनुपम कश्यप ने एक बड़ा फैसला लिया है। जिला प्रशासन ने तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कानूनगो और पटवारी के रिक्त पदों को भरने के लिए रिटायर्ड अनुभवी कर्मचारियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती पूरी तरह से ‘मेहनताना’ (Remuneration) के आधार पर होगी, जहाँ केवल अनुभव को प्राथमिकता दी जाएगी।
पदों का विवरण और आकर्षक वेतन
प्रशासन ने कुल 75 पदों पर नियुक्तियां निकाली हैं। इसमें तहसीलदार के 3 पद (70,000 रुपये वेतन), नायब-तहसीलदार का 1 पद (60,000 रुपये वेतन), कानूनगो का 1 पद (50,000 रुपये वेतन) और सबसे ज्यादा पटवारी के 70 पद (40,000 रुपये वेतन) शामिल हैं। यह नियुक्तियां उन अनुभवी हाथों के लिए हैं जो रिटायरमेंट के बाद भी विभाग को अपनी सेवा देना चाहते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन? (पात्रता शर्तें)
इस भर्ती की सबसे मुख्य शर्त यह है कि उम्मीदवार ने रिटायरमेंट से पहले प्रदेश के राजस्व विभाग में कम से कम 5 साल की सेवा दी हो। आवेदक के खिलाफ कोई भी विभागीय जांच या अनुशासनात्मक कार्यवाही लंबित नहीं होनी चाहिए। उम्र सीमा की बात करें तो 31 जनवरी 2026 तक आवेदक की आयु 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही उम्मीदवार को शारीरिक रूप से सक्षम होने का मेडिकल सर्टिफिकेट भी जमा करना होगा।
चयन प्रक्रिया और कार्यकाल
इन पदों पर चयन के लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। यदि आवेदकों की संख्या पदों से अधिक होती है, तो कम उम्र वाले रिटायर्ड उम्मीदवार को वरीयता दी जाएगी। शुरुआती तौर पर यह नियुक्ति 3 महीने के लिए होगी, जिसे काम के प्रदर्शन और विभाग की जरूरत के अनुसार आगे बढ़ाया जा सकता है। यह सेवा पूर्णतः अस्थायी है और किसी भी समय समाप्त की जा सकती है। खास बात यह है कि इस पुनर्नियुक्ति से नियमित कर्मचारियों की पदोन्नति पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
आवेदन कैसे करें?
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार जिला शिमला की आधिकारिक वेबसाइट hpshimla.nic.in से आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं। भरा हुआ आवेदन पत्र सभी आवश्यक दस्तावेजों (मैट्रिक सर्टिफिकेट, विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र, मेडिकल फिटनेस) के साथ 31 जनवरी 2026 तक उपायुक्त कार्यालय शिमला में जमा करवाना अनिवार्य है।
By Dhruv Sharma
