मंडी: नशा माफिया के खिलाफ मंडी पुलिस ने एक और सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए अंतर्राज्यीय नैटवर्क का पर्दाफाश किया है। सुंदरनगर थाना पुलिस की टीम ने डैहर के अलसू इलाके में नाकाबंदी के दौरान एक स्कूटी को संदेह के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर स्कूटी सवार दो युवकों के कब्जे से 50 ग्राम चिट्टा और 95,500 रुपये की भारी नकदी बरामद की गई है। मौके पर हुई इस कार्रवाई ने नशे के सौदागरों में हड़कंप मचा दिया है।गिरफ्तार आरोपियों में एक पंजाब के जालंधर का रहने वाला सलीम है, जो नशा सप्लाई करने आया था, जबकि दूसरा बिलासपुर का प्रवीण कुमार है जो इसे खरीदने पहुँचा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह पंजाब से हिमाचल में नशा फैलाने का काम कर रहा था। एसपी साक्षी वर्मा ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति जारी है और इस धंधे के मुख्य सरगनाओं को सलाखों के पीछे पहुँचाने के लिए पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जाएगी।
By Dhruv Sharma
