हिमाचल प्रदेश के नेरचौक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एमबीबीएस के सीनियर छात्रों ने एक जूनियर छात्र के साथ मारपीट की। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और एंटी-रैगिंग कमेटी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई की है।जांच के दौरान सामने आया कि विवाद रैगिंग से जुड़ा हुआ था, जिसमें सीनियर छात्रों की भूमिका गंभीर पाई गई। कॉलेज प्रशासन ने दोनों सीनियर एमबीबीएस छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है और उन्हें हॉस्टल से भी बाहर कर दिया गया है।वहीं, मामले से जुड़े जूनियर छात्र को भी अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत तीन महीने के लिए सस्पेंड किया गया है। प्रशासन का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में अनुशासन और शैक्षणिक माहौल बनाए रखने के लिए रैगिंग के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है।इस मामले में पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए रैगिंग से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कॉलेज प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
By Dhruv Sharma
