हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में नए साल की पूर्व संध्या पर एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बीती रात करीब 1 बजे, कसौल से वापस लौट रही एक कार भूतनाथ के पास अनियंत्रित होकर पहले पैराफिट से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के नीचे जा घुसी। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज कुल्लू अस्पताल में चल रहा है।मृतकों में से एक की पहचान कुल्लू निवासी सतपाल के रूप में हुई है, जिसका 31 दिसंबर को जन्मदिन था। वह अपने तीन दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन और नए साल का जश्न मनाने कसौल गया था। अन्य दो मृत युवतियों की पहचान अभी की जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस और स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद शवों को गाड़ी से बाहर निकालना पड़ा।
By Dhruv Sharma
